Podcasts by Category

रामायण

रामायण

Spydor Studios

रामायण रिकैप्स में आपका स्वागत है, पॉडकास्ट जहां हम रामायण के महाकाव्य हिंदू धर्मग्रंथ में तल्लीन हैं। प्रत्येक एपिसोड, हम आपके लिए प्रसिद्ध रामायण टीवी शो से ऑडियो लाते हैं, जिसमें भगवान राम, उनकी पत्नी सीता और राक्षस राजा रावण को हराने की उनकी यात्रा की क्लासिक कहानी को फिर से बताया गया है।


जैसा कि हम कहानी सुनते हैं, हम अपनी अंतर्दृष्टि और विश्लेषण भी प्रदान करते हैं, उन विषयों, पात्रों और प्रतीकों की खोज करते हैं जो रामायण को एक कालातीत कृति बनाते हैं। हम कहानी के माध्यम से चलने वाले प्रेम, वफादारी और भक्ति के संदेशों के साथ-साथ महाकाव्य लड़ाइयों और दैवीय हस्तक्षेपों पर चर्चा करेंगे जो इसे इतना रोमांचकारी बनाते हैं।


चाहे आप लंबे समय से रामायण के प्रशंसक हों या कहानी के लिए नए हों, हमारा पॉडकास्ट आपको एक मनोरम यात्रा पर ले जाएगा जो हिंदू पौराणिक कथाओं की आपकी समझ को समृद्ध करेगा और आपको पात्रों की वीरता और ज्ञान से प्रेरित करेगा।


तो हमारे साथ जुड़ें क्योंकि हम रामायण के अध्यायों के माध्यम से यात्रा करते हैं और इस पौराणिक महाकाव्य के जादू और आश्चर्य का अनुभव करते हैं।




Hosted on Acast. See acast.com/privacy for more information.

25 - रामायण - EP 25 - राजा जनक का न्याय। भरत का राम की चरण पादुकाओं के साथ अयोध्या लौटना।
0:00 / 0:00
1x
  • 25 - रामायण - EP 25 - राजा जनक का न्याय। भरत का राम की चरण पादुकाओं के साथ अयोध्या लौटना।

    भरत के बाद राजा जनक भी राम से मिलने चित्रकूट पहुँच जाते हैं। सभी में आशा जागती है कि राजा जनक अपने वचनों से राम को अयोध्या वापस जाने के लिये राजी कर लेंगे। सीता अपने माता पिता से मिलती हैं। बेटी को तपस्विनी वेश में देखकर पिता भावुक होते हैं लेकिन अपनी बेटी के संस्कारों को देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति भी होती है। रानी सुनयना राजा जनक को सभी की इच्छा से अवगत कराती हैं कि वे राम को अयोध्या लौटने के लिये प्रेरित करें। भरत भी माता कौशल्या को राजी करने का प्रयास करते हैं कि वे माता के विशेषाधिकार का प्रयोग कर राम को अयोध्या लौटने का आदेश दें। उधर कैकेयी राम के पास जाती हैं और कहती हैं कि यदि वो उसे अपनी माँ मानता है तो उसकी आज्ञा मानकर अयोध्या चले। राम फिर तर्कों का सहारा लेते हैं और कहते हैं कि यदि वो उन्हें एक तिरस्कृत जीवन जीने को मजबूर करना चाहती हैं तो वह अयोध्या वापस चलने को तैयार हैं। कैकेयी को निरुपाय होना पड़ता है। अगले दिन सभा की अध्यक्षता राजा जनक को सौंपी जाती है। राम जनक की आज्ञा का वचन देते हैं। भरत भी उनसे निष्पक्ष न्याय की गुहार लगाते हैं और राम के वहीं वन में राज्याभिषेक की माँग करते हैं। भगवान शंकर का स्मरण कर राजा जनक न्याय करने बैठते हैं। पहले वे कहते हैं कि भगवान भी भक्त के निश्चल प्रेम के आगे विवश होते हैं। यहाँ भरत का अपने भाई के प्रति भक्ति और प्रेम अथाह है इसलिये उनका पलड़ा भारी है। राजा जनक के ये वचन सुन भरत समेत सभी के चेहरे खिल उठते हैं। लेकिन अगले ही पल जनक प्रेम का दूसरा पक्ष भी रखते हैं और कहते हैं कि प्रेम निस्वार्थ होना चाहिये। प्रेम कुछ माँग नहीं सकता बल्कि अपने प्रेमी को कुछ देता है, उसके सुख के लिये सब कुछ लुटा देता है। जनक भरत से कहते हैं कि वे राम से उनकी प्रसन्नता पूछें और उसे पूजा समझ कर पूरा करें। भरत राम के चरणों में बैठकर उनकी इच्छा पूछते हैं। राम भी भरत के प्रेम के आगे हारकर अयोध्या का राज्य स्वीकार करते हैं किन्तु पिता का वचन पूरा करने के लिये वनवास की चौदह साल की अवधि पूरी होने तक भरत को राज्य की देखभाल का दायित्व सौंपते हैं। भरत राम को उनके वचन से बाँधने के लिये घोषणा करते हैं कि यदि उन्होंने चौदह साल से एक दिन भी देरी लगाई तो वे अग्निप्रवेश कर लेगें। भरत राम से उनकी चरण पादुकाएं लेते हैं ताकि उन्हें राज सिंहासन पर रखकर वे राम के प्रतिनिधि के रूप में राजकाज सम्भालें। भरत बड़े भाई की चरण पादुकाएं शीश पर रखकर लौटते हैं। विदाई के इस भावुक पल में सभी की आँखों से अश्रुधारा बहती है।





    Hosted on Acast. See acast.com/privacy for more information.

    Sat, 28 Oct 2023 - 35min
  • 24 - रामायण - EP 24 - कैकेयी द्वारा मृत्यु दण्ड की माँग। भरत द्वारा राम से राज्य सम्भालने की याचना।

    राम और भरत का मिलाप बहुत ही भावुक वातावरण में होता है। राम द्वारा पिता की कुशलता के बारे में पूछे जाने पर भरत रुँधें गले से उनके निधन का समाचार देते हैं। राम लक्ष्मण गले लगकर रोते हैं। तभी गुरु वशिष्ठ और तीनों रानियाँ कौशल्या, कैकेयी और सुमित्रा वहाँ पहुँचती हैं। राम तो मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। वे कौशल्या की बजाय पहले माता कैकेयी के चरण स्पर्श करते हैं। कैकेयी को अपराध बोध है लेकिन राम के मन में कोई मलाल नहीं। वे इसे नियति का खेल मानते हैं। तत्पश्चात राम माता सुमित्रा और कौशल्या से मिलते हैं। महर्षि वशिष्ठ के आदेश पर राम और लक्ष्मण से अपने दिवंगत पिता को तिल और मन्दाकिनी के पवित्र जल से तर्पण करते हैं। रात्रि में राम गुरु वशिष्ठ के और सीता बारी बारी तीनों माताओं के चरण दबा कर सेवा धर्म निर्वाह करती हैं। ग्लानि से भरी कैकेयी सीता से कहती है कि वह राम से कहकर उसे मृत्युदण्ड दिलाये जिससे वो अपनी लज्जित जीवन से छुटकारा पा सकें। माता सुमित्रा सीता से जानती हैं कि लक्ष्मण उनकी किस प्रकार सेवा करते हैं। अगले दिन महर्षि वशिष्ठ सभा आहूत करते हैं। राम सभा में गुरु वशिष्ठ की आज्ञा का पालन करने की प्रतिज्ञा करते हैं। सभी के चेहरों पर आशा की किरण जगमगा जाती है लेकिन अगले ही पल राम यह भी कह देते हैं कि गुरुदेव उन्हें नीति और धर्म सम्मत आज्ञा ही दें। गुरु वशिष्ठ भी ज्ञानी हैं। वे राम की कूटनीति का उत्तर देते हुए कहते हैं कि याचक नीति अनीति नहीं सोचता है। उसे केवल अपनी याचना पूरी होने से सरोकार होता है। वशिष्ठ कहते हैं कि भरत के प्रेम के आगे धर्म और नीति कोई स्थान नहीं रखती है और फिर वे भरत से बड़े भाई राम के समक्ष अपने हृदय की बात रखने को कहते हैं। भरत राम से कुल का ज्येष्ठ पुत्र होने के नाते राज सिंहासन स्वीकार करने की याचना करते हैं। कैकेयी भी राम से कहती हैं कि वे अपने माँगे हुए वरदान वापस लेती हैं और राम को वचनों से मुक्त करती हैं। राम कहते हैं कि वचन वापसी का अधिकार केवल पिता दशरथ के पास था और अब वो परलोक सिधार चुके हैं अतएव उनके वचन अनुरूप कार्य करना ही एकमात्र विकल्प है। भरत राम की कुटिया के सामने अन्न जल त्याग कर मरने तक वहाँ धरना देने की घोषणा करते हैं। भरत की इस बात से राम अन्दर तक हिल जाते हैं। तभी एक दूत राजा जनक और रानी सुनयना के चित्रकूट पहुँचने की सूचना लाता है। वशिष्ठ राजा जनक के आगमन तक के लिये सभा स्थगित कर देते हैं।


    Hosted on Acast. See acast.com/privacy for more information.

    Thu, 04 May 2023 - 35min
  • 23 - रामायण - EP 23 - भरत का वन प्रस्थान। लक्ष्मण का क्रोध। राम भरत मिलाप।

    पति वियोग में उदास उर्मिला को माण्डवी खुशी की समाचार देती है कि उसकी विरह की घड़ियाँ खत्म होने वाली है। आर्य भरत, राम लक्ष्मण और सीता को वापस लाने वन जा रहे हैं। अयोध्या की तमाम प्रजा भी उनके साथ जाती है। तीनों माताएं, गुरू वशिष्ठ मंत्रीगण और सेना साथ में है। मार्ग में श्रंगवेरपुर पड़ता है। यह राम के मित्र निषादराज गुह का राज्य है। एक प्रहरी निषादराज को सूचना देता है कि भरत सेना लेकर चित्रकूट जा रहे हैं। निषादराज को भ्रम होता है कि भरत राम को सदैव के लिये अपने रास्ते से हटाने के प्रयोजन से उनपर आक्रमण करने जा रहे हैं। वो युद्ध का नगाड़ा बजाकर भरत को गंगा किनारे ही घेर लेने का ऐलान कर देते हैं। तभी गाँव के पुरोहित निषादराज को भरत से मिलकर वास्तविकता जान लेने का परामर्श देते हैं। निषादराज अपनी सेना को झाड़ियों के पीछे सचेत कर भरत से मिलने जाते हैं। सुमन्त भरत को निषादराज और राम की मित्रता के बारे में बताते हैं। भरत से मिलकर निषादराज की आशंका गलत साबित होती है। वे भरत को बताते हैं कि राम और सीता घास के बिछौने पर सोये थे और नंगे पाँव चित्रकूट की तरफ गये हैं। दुखी होकर भरत खुद भी आगे की यात्रा नंगे पाँव पैदल करने का निर्णय लेते हैं। आगे बढ़ते हुए भरत भारद्वाज मुनि के आश्रम तक पहुँचते हैं और उनसे आशीर्वाद लेते हैं। यात्रा जारी रखते हुए भरत सेना के साथ चित्रकूट की धरती पर पहुँचते हैं। कोल और भील लक्ष्मण को सूर्य पताकाओं को लेकर आगे बढ़ती सेना के बारे में सूचित करते हैं। लक्ष्मण वन में लकड़ियाँ काटना छोड़ वापस पर्णकुटी पहुँचते हैं और राम से कहते हैं कि भरत सेना लेकर उनपर आक्रमण करने आ रहा है। लक्ष्मण किसी सम्भावित आक्रमण का सामना करने के लिये धनुष बाण उठा लेते हैं और भरत का वध करने की घोषणा करते हैं। तभी बिजली कौंधने के साथ आकाशवाणी होती है कि लक्ष्मण को उचित अनुचित के बीच का अन्तर कर लेने के बाद ही कोई प्रण करना चाहिये। राम भी लक्ष्मण को अधीर होने से रोकते हैं। इस बीच भरत कुटिया में पहुँचते हैं और बड़े भाई राम के चरणों में गिर जाते हैं। राम उन्हें उठाकर हृदय से लगाते हैं। यह दृश्य देखकर लक्ष्मण आत्मग्लानि से भर उठते हैं और भरत के प्रति उठे अपने गलत विचारों के लिये उनसे क्षमा माँगते हैं। शत्रुघ्न भी वहाँ आ पहुँचते हैं। चारों भाईयों का आपस में मिलाप होता है।


    Hosted on Acast. See acast.com/privacy for more information.

    Tue, 02 May 2023 - 33min
  • 22 - रामायण - EP 22 - राजा दशरथ की अन्त्येष्टि। भरत द्वारा राजसिंहासन को ठुकरना।

    भरत माता कैकेयी पर क्रोधित हैं तो शत्रुघ्न मंथरा को पीटते हुए महल से निकाल रहे हैं। उन्हें पता चल जाता है कि इस षड्यन्त्र के पीछे मंथरा की ही कुटिल बुद्धि है। भरत शत्रुघ्न को भैया राम का वास्ता देकर हिंसा करने से रोकते हैं। भरत बड़ी माता कौशल्या से मिलने उनके कक्ष में जाते हैं। कौशल्या भरत से उन्हें राम के पास वन में भिजवाने को कहती हैं। भरत इससे दुःखी होते हैं। वे माता कौशल्या से कहते हैं कि वे उन्हें भैया राम के पास वन नहीं भेजेंगे बल्कि राम को वन से वापस लायेंगे। भरत के मन में ग्लानि से है कि पापकर्म उसकी माता ने किया है किन्तु सम्पूर्ण विश्व उसे भ्रातद्रोही कहेगा। महर्षि वशिष्ठ भरत को शोक त्याग कर पिता दशरथ के पार्थिव शरीर का अन्तिम संस्कार करने का परामर्श देते हैं। पूरी अयोध्या नगरी अपने महाराज की अन्तिम यात्रा में शामिल होती है। दशरथ के सत्कर्मों की यादकर प्रजा उनकी जय जयकार करती है। भरत पिता की चिता को अग्नि देते हैं। जब अस्थि कलश को सरयू नदी में प्रवाहित करने की बारी आती है तो भरत भाव विह्वल होते हैं और कलश नदी में प्रवाहित नहीं कर पाते। वशिष्ठ उन्हें मोह त्यागकर विधान पूरा करने का उपदेश देते हैं। अगले दिन राजसभा में महर्षि वशिष्ठ और मंत्री परिषद भरत से राजसिंहासन सम्भालने को कहती है। सुमन्त कहते हैं कि राजा के बिना राज्य असुरक्षित रहता है। शत्रु हमला कर सकते हैं। तब भरत सवाल उठाते हैं कि जब यही सभा युवराज राम को राजा चुन चुकी थी और महाराज ने अपनी रानी के कहने पर युवराज को वन भेज दिया था तो किसी मंत्री ने इसके विरूद्ध आवाज क्यों नहीं उठायी। भरत कहते हैं कि ज्येष्ठ होने के कारण राम ही राजसिंहासन के अधिकारी हैं। भरत पूरी राजसभा को कहते हैं कि वो उन्हें राम को वन से वापस लाने में सहयोग करे। वशिष्ठ भरत की प्रशंसा करते हैं। भरत माता कौशल्या को भी साथ चलने के लिये राजी कर लेते हैं और कहते हैं कि वे वन में ही भैया राम का राज्याभिषेक करेंगे। रानी कैकेयी को भी अब अपनी गलती का अहसास है। वो भी पश्चाताप करने भरत के साथ वन जाने का अनुरोध करती है। कौशल्या के कहने पर भरत इस पर सहमत होते हैं।


    Hosted on Acast. See acast.com/privacy for more information.

    Fri, 28 Apr 2023 - 35min
  • 21 - रामायण - EP 21 - भरत-शत्रुघ्न का आगमन और शोक। भरत-कौशल्या संवाद।

    राजा दशरथ का पार्थिव शरीर अन्तिम दर्शनों के लिये रघुकुल के पूर्वजों के कक्ष में रखा है। पूरी अयोध्या नगरी शोक में डूबी है। महर्षि वशिष्ठ दशरथ को धर्म और सत्य के लिये प्राणों की आहुति देने वाला महात्मा बताकर उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं। मंत्री सुमन्त राजा की अन्तिम आज्ञा पूरी न कर पाने की ग्लानि के साथ श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। कैकयी समेत तीनों रानियाँ भी अश्रुपूरित नेत्रों से पुष्प अर्पित करती हैं। राजा दशरथ के अन्तिम संस्कार और राज्य को नया राजा देने के लिये महर्षि वशिष्ठ भरत व शत्रुघ्न को ननिहाल से बुलाने का निर्णय लेते हैं। भरत के आने तक कार्यकारी दायित्व सुमन्त को सौंपे जाते हैं। वशिष्ठ एक अन्य मंत्री श्रीधर को भरत को लिवाने कैकेय देश भेजते हैं और विशेष निर्देश देते हैं कि वहाँ राम वनवास और दशरथ के निधन की सूचना न दी जाय और सामान्य भाव से भरत को अयोध्या लाया जाय। श्रीधर से वशिष्ठ का सन्देश पाकर भरत और शत्रुघ्न अपने नानाजी से आशीर्वाद लेकर अयोध्या आते हैं। भरत को मार्ग में नगरवासियों से तिरस्कार और महल में उदास वातावरण मिलता है। इससे वे चिन्तित होते हैं। मंथरा उन्हें माता कैकेयी के कक्ष में ले जाती है जहाँ उसने भरत की स्वागत आरती का प्रबन्ध कर रखा है। लेकिन कैकेयी वैधव्य रूप में हैं। भरत इसका कारण पूछते हैं। कैकेयी उन्हें उनके पिता राजा दशरथ के परलोक सिधारने का समाचार देती है। भरत के कन्धे से धनुष गिर पड़ता है। कैकेयी भरत को सांत्वना देने का प्रयास करती है। जब भरत को यह पता चलता है कि मृत्यु से पहले उनके पिता भैया राम को चौदह वर्ष के लिये वनवास भेज चुके हैं तो वो माता से इसका कारण पूछते हैं। कैकेयी उन्हें अपने दोनों वरदान के बारे में बताते हुए धूर्त वाणी से कहती है कि अब अयोध्या के साम्राज्य पर वो निष्कंटक राज्य कर सकता है। भरत अपनी माता कैकेयी के इस कृत्य पर क्रोधित होते हैं। वे कैकेयी का वध करना चाहते हैं लेकिन भैया राम का विचार कर ऐसा करने से रुक जाते हैं। फिर भी वे माता कैकेयी का सदैव के लिये परित्याग करने और भैया राम को वन से वापस लाने की घोषणा कर कक्ष से बाहर चले जाते हैं।


    Hosted on Acast. See acast.com/privacy for more information.

    Thu, 27 Apr 2023 - 38min
Show More Episodes